अमौली, फतेहपुर
चाँदपुर गांव के होनहार सपूत लेफ्टिनेंट अतुल सिंह का भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त करने के बाद गांव लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। सठीगंवा चौराहे पर जुटे ग्रामीणों ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर और तालियां बजाकर जोरदार अभिनंदन किया। राम अनुज पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, जसवंत सिंह, कल्लू सविता, डॉ. अंकित सिंह, कल्लू परिहार, रामगुल कछवाहा और शुभम परिहार, पवन पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोगों ने आगे बढ़कर उन्हें बधाई दी। पूरा गांव गर्व से गदगद हो उठा।
लेफ्टिनेंट अतुल सिंह का जन्म वर्ष 2003 में चाँदपुर गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय से हासिल की। कक्षा 9वीं और 10वीं की पढ़ाई अनुभव इंटर कॉलेज, मुरलीपुर से तथा 11वीं-12वीं महर्षि डी.बी.एल. इंटर कॉलेज, उमरी, कानपुर नगर से पूरी की। सेना में जाने की तैयारी के लिए उन्होंने लखनऊ की वॉरियर्स डिफेंस एकेडमी में कठोर प्रशिक्षण लिया।
वर्ष 2021 में इलाहाबाद चयन बोर्ड से चयनित होने के बाद मार्च 2022 में वे ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, गया (बिहार) पहुंचे। वहां एक वर्ष का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद कॉलेज ऑफ मिलिट्री इंजीनियरिंग (सीएमई), पुणे में तीन वर्षों का विशेष प्रशिक्षण लिया। सीएमई पुणे में हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें राष्ट्रपति रजत पदक से नवाजा गया।
इसके बाद भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून से प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर 13 दिसंबर को वे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशंड हुए।
ग्रामीणों का कहना है कि अतुल सिंह की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा है। उनकी लगन और मेहनत युवाओं को देशसेवा के लिए प्रोत्साहित कर रही है। गांववासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा में आगे बढ़ने की कामना की।
0 टिप्पणियाँ