फतेहपुर
फतेहपुर के झुरहाखेड़ा गांव की बेटी आशी पटेल ने ताइक्वांडो में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने जयपुर में आयोजित दूसरा फेडरेशन कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में 45 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।
इस जीत के साथ ही आशी पटेल जापान में होने वाले एशियन गेम्स ट्रायल के लिए चयनित हो गई हैं। इसके अलावा उन्हें अंडर 55 किलोग्राम वेट ग्रुप में भी नामांकित किया गया है। उनकी यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत और बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण है।
आशी पटेल फतेहपुर के झुरहाखेड़ा निवासी अमित पटेल की बेटी हैं। उनकी मां का नाम स्तुति पटेल है। वर्तमान में वे गाजियाबाद में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ ताइक्वांडो का अभ्यास कर रही हैं। आशी अमौली ब्लॉक के सृजन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अतुल उमराव की भांजी भी हैं।
अब तक आशी ने गाजियाबाद जिले से खेलते हुए 24 स्वर्ण पदक, राज्य स्तर पर 6 पदक और राष्ट्रीय स्तर पर 3 पदक जीतकर जिले, राज्य और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। इस सफलता की खबर सुनकर परिवार में गर्व का माहौल छाया हुआ है और पूरा क्षेत्र उनकी इस उपलब्धि पर फख्र महसूस कर रहा है।
आशी पटेल जैसी युवा प्रतिभाएं भारतीय खेल जगत के उज्ज्वल भविष्य की पहचान हैं। उनकी लगन और समर्पण से आने वाले समय में और बड़ी सफलताएं हासिल होने की उम्मीद है।
0 टिप्पणियाँ