अमौली (फतेहपुर)
विकासखंड के एलपीडी पब्लिक स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
बच्चों ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक एवं शिक्षाप्रद मॉडल तैयार किए, जिनमें विद्युत परिपथ, ज्वालामुखी का मॉडल, अम्ल बैटरी, जल चक्र आदि प्रमुख थे। इन मॉडलों को बच्चों ने न केवल बनाया बल्कि उनका विस्तृत वैज्ञानिक वर्णन भी दिया, जिससे दर्शकों को विज्ञान के जटिल मॉडल को सरलता से समझने का अवसर मिला।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम पांडेय ने बच्चों की रचनात्मकता और मेहनत की भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उनकी जिज्ञासा को बढ़ावा देते हैं, जो भविष्य में उन्हें नवाचार की दिशा में प्रेरित करेंगे।
स्कूल के प्रबंधक प्रमोद पांडेय ने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण ही इस सफल प्रदर्शनी का आधार है। उन्होंने बच्चों को ऐसे आयोजनों के लिए प्रोत्साहित किया और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शनी में रुद्रांक्ष, शुभ ओमर, कृति, अदिति, खुशी सहित कई बच्चों ने अपने मॉडल प्रस्तुत किए, जिन्हें सभी ने खूब सराहा। यह आयोजन विज्ञान शिक्षक आशीष बनर्जी तथा दिव्या पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस तरह के कार्यक्रम न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में विज्ञान शिक्षा को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
0 टिप्पणियाँ