खदरा गांव में ताला तोड़ चोरी, किसान के घर से लाखों के गहने-नकदी गायब
अमौली (फतेहपुर)
चांदपुर थाना क्षेत्र के खदरा गांव में बीती रात चोरों ने एक किसान के घर से ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी चुरा ली।
घटना खदरा गांव के शैलेंद्र कुमार पुत्र बंशीधर के घर की है। शैलेंद्र कुमार अपनी माता के साथ शहीद स्थल के पास बने मकान में रहते हैं। रात में दोनों छत पर सो रहे थे। चोरों ने पीछे की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और कमरे का ताला तोड़ दिया। उन्होंने बक्से में रखी अटैची समेत करीब 60 हजार रुपये नकद और लाखों के सोने-चांदी के गहने लूट लिए।
चोरों ने चोरी के दौरान छत का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया था, जिससे कोई नीचे न आ सके। जब पीड़ित की माँ सुबह जगकर नीचे आने के लिए दरवाजा खोलती है तो वो नहीं खुलता तब दूसरे रास्ते से शैलेंद्र कुमार नीचे उतरे तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला और सारा सामान बिखरा पड़ा था। कपड़े और अन्य सामान बक्सों से बाहर निकालकर फेंक दिया गया था।
पीड़ित ने तुरंत 112 पर सूचना दी। चांदपुर थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार मौर्य और अमौली चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर फिंगरप्रिंट और अन्य सैंपल एकत्र किए गए।
थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार मौर्य ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ