डॉ. ओम प्रकाश अवस्थी को अक्षय साहित्य कला केंद्र अमौली ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
अमौली,फतेहपुर
कस्बे में अक्षय साहित्य कला केंद्र ने वरिष्ठ साहित्यकार एवं हिंदी के महामनीषी डॉ. ओम प्रकाश अवस्थी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का आयोजन अमौली स्थित श्री लखन गेस्ट हाउस में किया गया। इसमें साहित्यकारों, पत्रकारों, व्यापारियों, आम नागरिकों तथा संस्था के सभी पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने डॉ. अवस्थी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके जीवन, व्यक्तित्व और साहित्यिक योगदान से जुड़े संस्मरण साझा किए।
डॉ. ओम प्रकाश अवस्थी अक्षय साहित्य कला केंद्र के संरक्षक थे। उन्होंने 'अनुवाक' और 'अनुकाल' जैसी महत्वपूर्ण पुस्तकों का संपादन किया, जो फतेहपुर जिले के इतिहास और साहित्य को संजोने में अमूल्य सिद्ध हुई हैं। वे महात्मा गांधी महाविद्यालय, फतेहपुर में हिंदी विभाग के अध्यक्ष भी रहे और साहित्य सेवा के माध्यम से जनपद की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृष्ण कुमार सविता ने डॉ. अवस्थी के जीवन, प्रकाशित कृतियों तथा अक्षय साहित्य कला केंद्र को उच्च शिखर तक पहुंचाने में उनके योगदान का विस्तृत वर्णन किया। कवि राहुल कश्यप ने अपनी पंक्तियों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की:
"माँ हिंदी के मस्तक बन जनपद का ये गौरव थे
अनुकाल, अनुवाक रचित कर जग के सौरव थे
हिन्दी की सेवा को माँ की सेवा जैसे ही मान दिया
जग ने इनको सिर आंखों रखा सम्मान दिया"
कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. अयूब खान, रघुवीर यादव, कृष्ण कुमार सविता, राम किशोर वर्मा, मुकेश ओमर, प्रमोद पाण्डेय, जगदीश कुमार त्रिवेदी, इस्तियाक खान, रफीक खान, महेश दुबे, गया प्रसाद वर्मा, राहुल कश्यप, प्रकाश वीर आर्य सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह श्रद्धांजलि सभा डॉ. अवस्थी के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान को याद करते हुए उनके प्रति गहन सम्मान व्यक्त करने का माध्यम बनी।
0 टिप्पणियाँ